छोटा तालाब से 60 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, क्षेत्र में फैली सनसनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरुवाडूंगरी पंचायत के रीदय टोला स्थित छोटे तालाब से सोमवार को करीब 60 वर्षीय रंजीत दास का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में एक शव तैरता देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत सुंदरनगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रंजीत दास (60) के रूप में की गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
सुंदरनगर थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

