रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की झारखंड प्रदेश इकाई ने रविवार को पार्टी के संस्थापक, जननायक एवं पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए सामाजिक न्याय और समानता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान ने अपना पूरा जीवन गरीबों, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और शोषित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करे।

इस अवसर पर झारखंड लोजपा खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ममता रंजन ने भी जननायक रामविलास पासवान के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में रामविलास पासवान को ‘भारत रत्न’ दिए जाने की मांग का समर्थन किया।

