जमशेदपुर में ‘वार्तालाप-2026’ मीडिया कार्यशाला संपन्न, किसान कल्याण योजनाओं पर हुआ संवाद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रांची ने शुक्रवार को जमशेदपुर में ‘वार्तालाप-2026’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के एवं किसान सशक्तिकरण तथा किसान सम्मान निधि” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में जिले व आसपास के करीब 70 पत्रकारों ने भाग लिया।
कार्यशाला में पीआईबी के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने सरकार और मीडिया के बीच सार्थक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं मीडिया एवं संचार अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने ड्रोन दीदी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, आधुनिक कृषि तकनीक और वैज्ञानिक खेती के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर चर्चा की। वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री बलबीर दत्त ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में सकारात्मक मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। प्रश्नोत्तर सत्र और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

