जमशेदपुर: डबल डाउन बार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, बिष्टुपुर थाना प्रभारी सस्पेंड, बार सील;
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के युवा जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही के आरोपों के बीच एसएसपी पीयूष पांडे ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके साथ थाने के दो एएसआई और एक आरक्षी पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं, बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही बदमाशों ने हिमांशु सिंह पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सोमवार रात बिष्टुपुर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
इधर, जिला प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाते हुए मंगलवार दोपहर डबल डाउन बार को सील कर दिया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम बार पहुंची और उसे सील करने की कार्रवाई पूरी की। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
दूसरी ओर, हिमांशु सिंह के परिजनों ने अभी तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। उनका कहना है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। फिलहाल हिमांशु का शव टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात डबल डाउन बार में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। विवाद बार से बाहर आने के बाद और बढ़ गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह और प्रत्यूष नामक युवक पर चाकुओं से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां हिमांशु ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रत्यूष का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की थी। करणी सेना और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया है।

