बेंगलुरु में इंटक की 316वीं वर्किंग कमिटी की बैठक में शामिल हुए टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष व महामंत्री
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बेंगलुरु में आयोजित इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की 316वीं वर्किंग कमिटी की दो दिवसीय बैठक में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आर.के. सिंह ने भाग लिया। 28 एवं 29 जून को आयोजित इस बैठक में देशभर से इंटक के वरिष्ठ पदाधिकारी और श्रमिक नेता शामिल हुए।
बैठक में झारखंड से विधायक अनुप सिंह, राकेश्वर पांडेय, रघुनाथ पांडेय सहित कई प्रमुख इंटक नेताओं ने भागीदारी की। कार्यक्रम को इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने सभी आगंतुक इंटक नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी इंटक को संगठन का मजबूत स्तंभ मानती थीं। उन्होंने कहा कि आज भी इंटक कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और श्रमिक हितों के लिए उसके कार्य सराहनीय हैं।
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह ने बताया कि दो दिवसीय बैठक में श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही शीर्ष नेतृत्व ने संगठन को मजबूत बनाने और भविष्य की कार्ययोजनाओं को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

