सलगझरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत, फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका; मायके पक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सलगझरी फाटक के समीप एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने शनिवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान देव कुमार शर्मा की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सोनी देवी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। उनके परिवार में पति और तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि सोनी देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं। हालांकि, घटना के संबंध में परिवार के सदस्य मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बचते रहे।
वहीं, मृतका के भाई बबलू कुमार शर्मा ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे उनके बहनोई ने फोन कर बहन द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी। उनका कहना है कि उनकी बहन का किसी प्रकार का इलाज नहीं चल रहा था। परिवार में सामान्य घरेलू विवाद होते थे, लेकिन ऐसी कोई परिस्थिति नहीं थी जिससे इस तरह का कदम उठाने की आशंका हो। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। परसुडीह थाना पुलिस के अनुसार, परिजनों द्वारा दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पोस्टमार्टम नहीं होने और मायके पक्ष द्वारा संदेह जताए जाने के कारण घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा।

