जमशेदपुर में शांतिपूर्ण माहौल में निकला मोहर्रम का जुलूस, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर में मोहर्रम का जुलूस को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पारंपरिक तरीके और पूरी श्रद्धा के साथ निकाला गया। सुबह से ही शहर के साकची, मानगो, कदमा, जुगसलाई, गोलमुरी, बिष्टुपुर, सोनारी, परसुडीह समेत कई इलाकों में अखाड़ा समितियों और ताजिया जुलूसों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक करतब और हैरतअंगेज खेलों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए रास्तों के किनारे लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
मोहर्रम के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि अधिकारियों ने लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जुलूस निर्धारित मार्गों से शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि आपसी भाईचारे और सौहार्द के कारण मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।

