झारखंड आंदोलनकारी एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता श्री सुरेन्द्र नाथ हांसदा के निधन पर झामुमो नेता आदित्य प्रधान ने जताया गहरा शोक।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मांगड़ोशोल निवासी, झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता श्री सुरेन्द्र नाथ हांसदा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं मर्माहत करने वाला है। उनके निधन से पूरे बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र सहित सामाजिक एवं राजनीतिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है।
श्री हांसदा जी झारखंड आंदोलन के समर्पित योद्धाओं में अग्रणी रहे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में झारखंड राज्य के अधिकारों, सामाजिक न्याय तथा आम जनमानस के हितों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उनका सादा जीवन, सहज व्यवहार, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति आत्मीयता उन्हें एक लोकप्रिय एवं सम्मानित जननेता के रूप में स्थापित करती थी। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिससे नई पीढ़ी सदैव प्रेरणा प्राप्त करती रहेगी।
झामुमो नेता आदित्य प्रधान ने श्री हांसदा जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र, झारखंड आंदोलन तथा सामाजिक-राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय हांसदा जी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और समाज उनके संघर्ष तथा जनसेवा को कभी भुला नहीं पाएगा।
श्री प्रधान ने दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, परिजनों और शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।

