राष्ट्र संवाद संवाददाता
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार, गुरुवार को जिला खनन विभाग एवं गम्हरिया अंचल कार्यालय द्वारा संयुक्त रूप से आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सापड़ा बालू घाट में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान किसी भी बालू घाट पर अवैध उत्खनन की गतिविधि संचालित नहीं पाई गई। हालांकि जांच के क्रम में एक वाहन संख्या को बिना वैध परिवहन चालान के बालू खनिज का परिवहन करते हुए पाया गया। इस पर उक्त वाहन को विधिवत जब्त कर आदित्यपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया। इस मामले में जिला खनन विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इसके उपरांत संध्या करीब चार बजे मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा पाटा टोल प्लाजा पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल की अनिवार्यता, ओवरलोडिंग तथा वैध परिवहन कागजातों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में मोटरयान निरीक्षक द्वारा विभिन्न अनियमितताओं के कारण 5 वाहनों से कुल 23,000/- रुपए का जुर्माना वसूला गया। बताया गया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त जांच एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा।

