राष्ट्र संवाद संवाददाता
डुमरिया: पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को डुमरिया प्रखंड के कांटाशोल स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्रावास, किचन, शौचालय और प्रधानाचार्य कार्यालय का निरीक्षण किया। समीक्षा के क्रम में मेनू के अनुरूप भोजन नहीं मिलने और बाथरूम के कई नल टूटे होने की शिकायत सामने आई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विधायक संजीव सरदार ने विद्यार्थियों से कहा कि सरकार उन्हें बेहतर शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे अपने अभिभावकों के माध्यम से अथवा सीधे उन्हें जानकारी दें, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों के मानदेय भुगतान में हो रही परेशानी की भी जानकारी ली। उन्होंने इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चे राज्य और समाज का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को नियमित निगरानी रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नए भवनों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, भगत बास्के, भगत हांसदा, अर्जुन मुर्मू, रामदास हेंब्रम, काजमान सिंह सरदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

