गिरिडीह मकतपुर में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवादाता
गिरिडीह: लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार होने वाली तकनीकी खराबियों से परेशान मकतपुर के सतगलिया मोहल्ला एवं आसपास की गलियों के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मकतपुर चौक को जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अविलंब बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से क्षेत्र में बिजली की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। दिन और रात में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसके साथ ही लो वोल्टेज की समस्या ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार “फोर फोट्टी” (हाई वोल्टेज) की समस्या उत्पन्न होने से कई घरों के विद्युत उपकरण खराब हो गए हैं। टीवी, फ्रिज, पंखे, इन्वर्टर सहित अन्य घरेलू उपकरण जल जाने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि बिजली की समस्या को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई और व्यवस्था सुधारने की मांग की गई, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि विभाग के कई अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। विभागीय उदासीनता से नाराज लोगों ने आखिरकार सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया।
बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा मकतपुर चौक पर एकत्रित हुए और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जाम के कारण मकतपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई छोटे-बड़े वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गए, जिससे राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और शिकायतों से संबंधित जानकारी बिजली विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी तथा समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
काफी देर तक चली वार्ता और समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी सड़क जाम हटाने के लिए राजी हुए। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी और वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हुआ। हालांकि स्थानीय लोगों ने स्पष्ट कहा कि यदि बिजली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
क्षेत्र के लोगों की मांग है कि बिजली विभाग तत्काल खराब व्यवस्था को दुरुस्त करे, लो वोल्टेज की समस्या का समाधान करे और जिन उपभोक्ताओं के विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनकी भी जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल लोगों की निगाहें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

