राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चाईबासा स्थित बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी समेत जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसके बाद प्रशिक्षित योगाचार्यों ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार है। वक्ताओं ने नियमित योगाभ्यास को आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों और तनाव से बचाव का प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले योग मित्रों, प्रशिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने तथा झारखंड को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

