गुडाबांदा की महिला का पार्थिव शरीर झारखंड रवाना, जिला प्रशासन की पहल से मिली सहायता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: गुड़ाबांदा प्रखंड की निवासी पुड़गी मुर्मू की आंध्र प्रदेश में आकस्मिक मृत्यु के बाद जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम की पहल पर उनके पार्थिव शरीर को झारखंड भेजने की व्यवस्था की गई। पुड़गी मुर्मू का निधन 13 जून 2026 को विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हो गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही उपायुक्त के निर्देश पर श्रम विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीआरपी विशाखापट्टनम और माइग्रेंट असिस्टेंस एंड इंफॉर्मेशन नेटवर्क (MAIN) के सहयोग से आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से उनके पैतृक गांव भेजा गया।
जिला प्रशासन ने मृतका के परिजनों को मुख्यमंत्री झारखंड दुर्घटना कोष योजना के तहत स्वीकृत वित्तीय सहायता से संबंधित चेक की प्रति भी उपलब्ध कराई। पूरी प्रक्रिया के दौरान स्टेट माइग्रेंट कंट्रोल रूम (SMCR) ने परिजनों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा।
ग्रामीणों ने इस संवेदनशील पहल के लिए राज्य सरकार, मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

