अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिला से लेकर ग्राम स्तर तक व्यापक रूप से योग दिवस मनाने तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ (Yoga for Healthy Ageing) है। उपायुक्त ने सभी स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, पार्कों, वृद्धाश्रमों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून की सुबह 6 से 8 बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित होगा। उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों, पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों, एनसीसी, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वास्थ्य कर्मियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, तनाव प्रबंधन, मधुमेह व उच्च रक्तचाप की रोकथाम तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही कार्यालयों में वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल को बढ़ावा देने की बात कही।
बैठक में योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, होर्डिंग, बैनर और जनजागरूकता अभियानों के संचालन तथा विद्यालयों में योग, चित्रकला प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।

