गिरिडीह चोरगता गांव के घर से 25 लाख के जेवर, 50 हजार नकद और जमीन के कागजात गायब, जमीनी विवाद को लेकर
राष्ट्र संवाद संवादाता
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नवडीहा ओपी के चोरगता गांव में बीती रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने गांव निवासी मदन चौधरी के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद तथा महत्वपूर्ण जमीन संबंधी दस्तावेजों की चोरी कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी इस वारदात को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण मदन चौधरी और उनके परिवार के सदस्य रात में घर की छत पर सोए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश कर कमरे में रखे बक्से और अलमारी को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और जेवर, नकदी तथा जरूरी कागजात गायब थे। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए जेवरात केवल घर की बहुओं के ही नहीं थे, बल्कि मदन चौधरी की दो बेटियों के विवाह के लिए सुरक्षित रखे गए आभूषण भी उसमें शामिल थे। बताया जा रहा है कि मदन चौधरी के पांच बेटे और तीन बेटियां हैं तथा परिवार ने वर्षों की मेहनत से इन जेवरों को संजोकर रखा था। चोरी की इस घटना से परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से टूट गया है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि चोरों द्वारा केवल जेवर और नकदी ही नहीं, बल्कि जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात भी अपने साथ ले जाए गए हैं। इसी बात को लेकर परिवार को गहरा संदेह है। उनका कहना है कि सामान्यतः चोर की नजर नकदी और जेवरों पर होती है, लेकिन जमीन के दस्तावेजों की चोरी किसी सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करती है।
मदन चौधरी के पुत्र ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों के साथ उनके परिवार का वर्ष 2007 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने अभिमन्यु चौधरी, राजदेव चौधरी, अभिनाश चौधरी, महेश चौधरी, प्रदीप चौधरी, फुलेंद्र चौधरी और मनोज चौधरी पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि जमीन के कागजात चोरी होने के पीछे इन्हीं लोगों का हाथ हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस द्वारा किसी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही नवडीहा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई तथा चोरी के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पीड़ित मदन चौधरी ने प्रशासन से चोरी गए जेवर, नकदी और जमीन के कागजात बरामद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी जीवन भर की जमा-पूंजी एक ही रात में चली गई। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी की गई संपत्ति बरामद करने की गुहार लगाई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

