सरायकेला के इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन को झारखंड सरकार की मान्यता
अब आर्थिक तंगी नहीं बनेगी उच्च शिक्षा में बाधा, आसानी से एडमिशन ले सकेंगे छात्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला : कोल्हान प्रमंडल के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी है। सरायकेला स्थित इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन (Institute for Education) को झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए चयनित किया गया है। खास बात यह है कि कोल्हान विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले कॉलेजों और पूरे कोल्हान प्रमंडल (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) में यह पहला और फिलहाल एकमात्र कॉलेज है, जिसे इस योजना के तहत मान्यता प्राप्त हुई है। इससे अब आर्थिक रूप से कमजोर, लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का रास्ता और आसान हो जाएगा।
कोल्हान के किन संस्थानों में उपलब्ध है यह सुविधा?
सरायकेला-खरसावां जिले का इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन पूरे कोल्हान में ऐसा पहला और एकमात्र कॉलेज है, जिसे इस योजना के लिए चयनित किया गया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय की श्रेणी में गम्हरिया स्थित अरका जैन यूनिवर्सिटी और बी स्कूल श्रेणी में एक्सएलआरआई में यह सुविधा उपलब्ध है।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ, क्या है पात्रता?
छात्र झारखंड का निवासी हो।
या उसने झारखंड से 10वीं एवं 12वीं की पढ़ाई पूरी की हो।
किसी पात्र एवं मान्यता प्राप्त संस्थान में प्रवेश प्राप्त कर चुका हो।
आवेदक की आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं हो।
पहले इस योजना का लाभ नहीं लिया हो।
छात्रों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह योजना?
उच्च शिक्षा में अक्सर फीस, हॉस्टल, किताबें, लैपटॉप और अन्य शैक्षणिक खर्च बड़ी बाधा बन जाते हैं। ऐसे में गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना छात्रों को बिना किसी संपत्ति को गिरवी रखे 15 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है। विशेषज्ञों का मानना है कि सरायकेला स्थित इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन का इस योजना में शामिल होना कोल्हान क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो सकता है। अब योग्य छात्र-छात्राओं की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण बीच में नहीं रुकेगी और वे अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

