जमशेदपुर में ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए 12 जून से यात्रा महंगी हो सकती है।
राष्ट्र संवाद संवादाता
शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक-संचालक संघ ने शहर के विभिन्न रूटों पर ऑटो किराये में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस संबंध में संघ ने उपायुक्त को पत्र सौंपकर संशोधित किराया लागू करने की जानकारी दी है।
संघ का कहना है कि डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों, वाहन रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि के कारण किराये में बढ़ोतरी आवश्यक हो गई है। संघ के अनुसार वर्ष 2021 के बाद पहली बार किराये में संशोधन किया जा रहा है। हालांकि नई दरों को लेकर अंतिम फैसला प्रशासन की स्वीकृति के बाद ही स्पष्ट होगा।
यदि प्रस्तावित बढ़ोतरी लागू होती है तो शहर के हजारों दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। रोजाना आने-जाने के लिए दो बार ऑटो का उपयोग करने वाले यात्रियों को प्रतिदिन करीब 10 रुपये अधिक खर्च करने होंगे। इस हिसाब से महीने में लगभग 300 रुपये तक अतिरिक्त खर्च बढ़ सकता है। इससे आम लोगों के मासिक बजट पर भी असर पड़ने की संभावना है।

