राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका प्रखंड मुख्यालय में आयोजित प्रखंड दिवस के दौरान विधायक संजीव सरदार ने जनप्रतिनिधि कक्ष में बैठकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी वास्तविक मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रखंड में अभी लगभग 21 हजार मतदाताओं का मैपिंग कार्य शेष है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतों पर विधायक ने लाभुक चयन में ग्रामसभा की भूमिका और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ मिलना चाहिए। विधायक ने अधिकारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए शिकायतों के शीघ्र निष्पादन और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

