केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे आज जमशेदपुर में, प्रबुद्धजन सम्मेलन को करेंगे संबोधित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचेंगे। भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आयोजित ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषयक प्रबुद्धजन सम्मेलन में वे मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
बिस्टुपुर स्थित चैंबर भवन के पारीख सभागार में शाम 5:30 बजे आयोजित सम्मेलन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक पूर्णिमा साहू सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि सम्मेलन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंत्री के आगमन पर शाम 4:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है।

