डॉल्फिन क्लब की पूल पार्टी में बवाल, दो गुटों में मारपीट; तीन हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन क्लब में आयोजित एक पूल पार्टी रविवार रात उस समय विवादों में घिर गई, जब दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना के दौरान क्लब परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पार्टी में मौजूद लोगों को इधर-उधर भागकर अपनी सुरक्षा करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, क्लब में एक निजी संस्था की ओर से पूल पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें 300 से अधिक युवक-युवतियां शामिल हुए थे। कार्यक्रम दोपहर से शुरू होकर देर रात तक चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों ओर से बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों की बारिश कर दी। झड़प में कुछ युवतियां भी शामिल थीं।
मारपीट के दौरान क्लब के सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना में एक युवती समेत तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, झड़प के दौरान क्लब परिसर में तोड़फोड़ की भी बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल कई लोग वहां से निकल गए। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। आयोजन से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद में शामिल कई लोग नशे की हालत में थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

