राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर पश्चिमी पंचायत में विकास कार्यों को गति देते हुए पंचायत की मुखिया फरजाना सुल्तान ने 15वें वित्त आयोग योजना के तहत चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों की उपस्थिति में योजनाओं का विधिवत उद्घाटन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में पीसीसी पथ एवं कलवर्ट निर्माण से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर पूर्व मुखिया शैयद जबीउल्लाह, उप मुखिया शाहिंद परवेज, ग्राम प्रधान मो. असलम, वार्ड सदस्य अब्दुल हनन ईवाम समेत पंचायत के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
मौके पर मुखिया फरजाना सुल्तान ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क एवं नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों का जीवन आसान होगा। पंचायत में जरूरत के अनुसार विकास योजनाओं को प्राथमिकता देकर धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है तथा आगे भी पंचायत के विकास के लिए निरंतर कार्य जारी रहेगा।

