साइबर ठगी के आरोप में एक आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और सिम कार्ड बरामद
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रानीटांड़ गांव में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने करमाटांड़ से ईदगाह जाने वाली सड़क के किनारे स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान के पास कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान गालिब अंसारी को कथित रूप से साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी डुमरिया गांव का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 33/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा देता था। इसके बाद वह पीड़ितों से मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करता और साइबर ठगी को अंजाम देता था। प्रारंभिक जांच में उसके नेटवर्क का संबंध देश के विभिन्न राज्यों से जुड़ा होने की जानकारी मिली है।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक प्रकाश सेठ, पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह तथा साइबर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

