मानगो के बड़े नालों की सफाई सोमवार से शुरू होगी : अपर नगर आयुक्त
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरयू राय के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में दी जानकारी, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अवैध कनेक्शनों पर भी हुई चर्चा
जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई का कार्य सोमवार से शुरू किया जाएगा। यह जानकारी अपर नगर आयुक्त जीतेंद्र कुमार यादव ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक में दी।
बैठक में गौड़ बस्ती में रात 12 बजे होने वाली जलापूर्ति की समय-सारिणी बदलने पर सहमति बनी। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं आस्था स्पेस टाउन में बाइपास लाइन जल्द चालू करने का निर्देश भी दिया गया, जिससे शंकोसाईं, सुभाष कॉलोनी और कालिका नगर में जलापूर्ति की स्थिति बेहतर होगी।
मुकुल मिश्रा ने 351 नई स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र लगाने की मांग करते हुए कहा कि लाइट लगाने के कार्य में किसी प्रकार की दबंगई या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। इस पर प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में पेयजल के अवैध कनेक्शनों का मुद्दा भी उठा। प्रतिनिधिमंडल ने वैध और अवैध कनेक्शनों की जांच कर अवैध कनेक्शन काटने अथवा उन्हें नियमित करने की मांग की। अपर नगर आयुक्त ने मामले की जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।

