प्री-एसआईआर गतिविधि के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 09 जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने प्री-एसआईआर गतिविधि के अंतर्गत मिहिजाम स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय संध्या डिग्री कॉलेज में स्थित मतदान केंद्र संख्या 337, 338 एवं 366 का भौतिक सत्यापन किया।
निरीक्षण के क्रम में मतदाताओं की मैपिंग कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर संबंधित बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को दो से तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नोशनल मकान सूचीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए घर-घर लगाए जाने वाले स्टीकरों की जांच की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सूचीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने मैपिंग एवं मकान सूचीकरण से जुड़ी सभी गतिविधियों का अद्यतन रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
मौके पर अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद मिहिजाम, गोपेश कुम्भकार, संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।

