विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त के निर्देश, मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन और किसानों पर विशेष फोकस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सहकारिता, मत्स्य, पशुपालन, उद्यान, भूमि संरक्षण एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बुरूडीह डैम में केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन शुरू करने तथा जिले में कम से कम 10 मॉडल तालाब विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही दुग्ध संग्रहण और विपणन व्यवस्था का विस्तार कर अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में किसानों को समय पर किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने, लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन और खरीफ सीजन से पहले आवश्यक वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। वहीं, पशुपालन विभाग को बकरा, सुकर और कुक्कुट वितरण योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने उद्यान विभाग को नर्सरी विकास, माली प्रशिक्षण, मधुमक्खी पालन और स्ट्रॉबेरी खेती जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। बैठक में सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

