तंबाकू नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर, जागरूकता रथ रवाना
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय तंबाकू नियंत्रण समिति की बैठक उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में तंबाकू निषेध अभियान को प्रभावी बनाने, कानूनों के सख्त अनुपालन तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू सेवन स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। इसके दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, परिवहन एवं नगर निकाय समेत सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध कानून (कोटपा-2003) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में तंबाकू नियंत्रण कानून और झारखंड संशोधन अधिनियम-2021 के विभिन्न प्रावधानों की भी समीक्षा की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसके बाद समाहरणालय परिसर से तंबाकू नियंत्रण एवं जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

