राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा में रविवार को आयोजित बीएड., एमएड. एवं बीपीएड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार स्वयं मैदान में उतरे। उन्होंने मांगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय तथा पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पंखों की उपलब्धता, बैठने की व्यवस्था एवं परीक्षार्थियों के सामान रखने की सुविधाओं की जांच की तथा केंद्राधीक्षकों को सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ होना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सैकड़ों परीक्षार्थियों ने भाग लिया। प्रशासन की पूर्व तैयारियों और उपायुक्त के निरीक्षण से परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ नजर आई।

