महिलाओं की योजना में पुरुष की एंट्री!
महिला बनकर मंईयां सम्मान योजना की राशि उठा रहा था युवक, बीडीओ ने दर्ज कराई FIR
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जलडेगा (सिमडेगा)। झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जलडेगा प्रखंड के टीनगिना पंचायत निवासी एक युवक पर महिला बनकर योजना का लाभ लेने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले शनिवार को जेएसएलपीएस की महिलाओं द्वारा आयोजित वेरिफिकेशन कैंप में लाभुकों की सूची की जांच के दौरान टीनगिना पंचायत निवासी पंकज नाग का नाम लाभुक सूची में दर्ज पाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह महिला लाभार्थी के रूप में सूची में शामिल था और योजना की राशि प्राप्त कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि जून 2025 से मार्च 2026 तक पंकज नाग के खाते में योजना के तहत करीब 30 हजार रुपये की राशि भेजी गई थी। मामला उजागर होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
जलडेगा बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पंकज नाग तथा संबंधित प्रज्ञा केंद्र संचालक कुमार चानक्य के खिलाफ जलडेगा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जांच में यह भी सामने आया कि सीएससी आईडी का उपयोग कर योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था।
प्रशासन ने आरोपी से करीब 30 हजार रुपये की रिकवरी कर राशि नजारत में जमा करा दी है। साथ ही संबंधित बैंक खाते को भी होल्ड कर दिया गया है। मामले में तत्कालीन पंचायत सचिव से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान जहां भी किसी प्रकार की अनियमितता या फर्जीवाड़ा सामने आएगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी और धोखाधड़ी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लाभुकों और आवेदन प्रक्रियाओं की भी जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

