मंईयां सम्मान योजना में छूटी महिलाओं को मिलेगा लाभ, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की महत्वाकांक्षी ‘मंईयां सम्मान योजना’ को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि योजना की पात्रता रखने वाली जो महिलाएं अब तक किसी कारणवश योजना से वंचित रह गई हैं, उनका नाम सूची में जोड़कर उन्हें भी योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य की प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को छूटी हुई महिलाओं की पहचान कर जल्द से जल्द उनका पंजीकरण कराने और लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि योजना में किसी भी पात्र महिला को वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई तेज करने को कहा गया है।
गौरतलब है कि मंईयां सम्मान योजना के तहत झारखंड की लाखों महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस राशि से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिल रही है।
सरकार के इस फैसले से उन महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो पात्र होने के बावजूद अब तक योजना का लाभ नहीं प्राप्त कर सकी थीं। अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ऐसे मामलों का शीघ्र निस्तारण कर लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

