बहरागोड़ा में अवैध बालू परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, छह हाईवा जब्त
राष्ट्र संवाद संवादाता
खनन विभाग ने विभिन्न बालू घाटों पर चलाया छापेमारी अभियान, बारसोल थाना को सौंपे गए वाहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता जमशेदपुर:उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ जिला खनन कार्यालय द्वारा शुक्रवार को बहरागोड़ा अंचल के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना वैध परिवहन चालान के बालू परिवहन कर रहे छह हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।
जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत बर्नीपाल, गुहियापाल, बनकटा समेत विभिन्न बालू घाटों और संवेदनशील स्थलों की जांच की गई। जांच के दौरान अवैध रूप से बालू परिवहन करते पाए गए छह हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। जब्त वाहनों के पंजीकरण संख्या WB 49 6373, WB 29C 3096, WB 29C 2172, WB 33F 0705, WB 33E 0547 एवं WB 33C 7993 हैं।
खनन विभाग ने सभी वाहनों को विधिवत जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए बारसोल थाना प्रभारी को सुपुर्द कर दिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से जांच एवं छापेमारी अभियान चलाए जाते रहेंगे।

