ईद अल-अजहा पर्व को ले कुंडहित बीडीओ ने विभिन्न ईदगाह जाकर विधि व्यवस्था का लिया जायजा
राष्ट्र संवाद सं
कुंडहित /जामताड़ा: ईद अल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कुंडहित प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पर्व के अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा ने क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों का दौरा कर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ईदगाहों में नमाज अदा करने पहुंचे लोगों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी पर्वों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है और इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
पर्व को लेकर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
मौके पर कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, एएसआई तपन सेन, मोहम्मद रफीक होसेन, टिंकू सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मी उपस्थित थे।

