उपायुक्त ने किया ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मंगलवार को जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत किताडीह स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन व्यवस्था, प्रवेश-निकास पंजी संधारण तथा सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए, क्योंकि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान वेयर हाउस परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच तथा सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

