सरायकेला में दिल दहला देने वाली वारदात, जंगल में मिला जला हुआ शव
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 52 बीघा इलाके के पास एक युवक का जला हुआ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम के रूप में हुई है, जो कपाली ओपी क्षेत्र के सालबागान वार्ड संख्या-11 गौसनगर का रहने वाला था.
बताया जा रहा है कि वह पिछले रविवार से लापता था. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार क्षेत्र की कुछ महिलाओं ने जंगलनुमा इलाके में जला हुआ शव देखा. शव की हालत बेहद खराब थी, लेकिन मृतक के हाथ में पहनी अंगूठी से उसकी पहचान की गई. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई. परिजनों के अनुसार मोहम्मद मुस्तकीम फेरी का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. परिवार में पत्नी और 12 वर्षीय पुत्र है. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक बेहद मिलनसार और मेहनतकश व्यक्ति था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है.
लोगों का कहना है कि युवक की हत्या के बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया होगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

