पूर्वी सिंहभूम में बढ़ती गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में शुरू हुए हीट स्ट्रोक केयर सेंटर
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाने और आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के सरकारी अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जमशेदपुर जमशेदपुर सदर अस्पताल और बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो-दो बेड वाले विशेष हीट स्ट्रोक केयर सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए जरूरी दवाएं, मेडिकल उपकरण और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा जिले के सरकारी अस्पतालों में ओआरएस कॉर्नर भी बनाए गए हैं, जहां लोगों को निःशुल्क ओआरएस उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि शरीर में पानी की कमी और लू के प्रभाव से बचाव किया जा सके। अस्पतालों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पेयजल की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि गर्मी से संबंधित आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।
बढ़ती गर्मी के बीच स्वास्थ्य विभाग की यह पहल आम लोगों को राहत देने और संभावित खतरे को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही

