कांग्रेस सेवादल की जिला कार्यसमिति बैठक आयोजित, संगठन विस्तार और सेवा भावना पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की मौजूदगी में पूर्वी सिंहभूम जिला सेवादल कांग्रेस कमिटी की जिला स्तरीय कार्यसमिति बैठक बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय कांग्रेस कार्यालय में जिला मुख्य संगठक राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश मुख्य संगठक नवीन कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, मेयर सुधा गुप्ता
, जिला प्रभारी शशिभूषण राय, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह एवं संजय सिंह आजाद सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में कांग्रेस सेवा दल के गठन, इतिहास, उद्देश्य एवं संगठन विस्तार पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि 1923 में डॉ. एन.एस. हार्डिकर द्वारा स्थापित सेवा दल ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया है।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि सेवा दल कांग्रेस का अनुशासित स्वयंसेवी संगठन है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं प्रदेश मुख्य संगठक नवीन कुमार सिंह ने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और सुभाष चंद्र बोस जैसे नेताओं के योगदान का उल्लेख किया।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह एवं मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि सेवा दल सामाजिक सेवा, युवाओं एवं महिलाओं को नेतृत्व से जोड़ने, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
बैठक में जिला सेवादल कांग्रेस के उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, 14 प्रखंड अध्यक्षों एवं 4 मंडल अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह आजाद ने किया। इस अवसर पर लक्की शर्मा, बिक्रम झा, हरेकृष्ण लोहार, आनंद सेनापति समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

