राजस्व संग्रहण की समीक्षा बैठक में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में विभागवार राजस्व संग्रहण को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों तथा चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उत्पाद, मापतौल, खनन, परिवहन, निबंधन, मत्स्य एवं भू-राजस्व समेत विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। जिन विभागों की वसूली लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाई गई, उन्हें राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में दाखिल-खारिज, ई-कोर्ट मामलों, सीमांकन, सैरात संग्रहण, भू-अर्जन, नीलाम पत्र वाद एवं लंबित म्यूटेशन मामलों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें और बिना कारण म्यूटेशन लंबित न रखें।
बैठक में बालू घाटों की बंदोबस्ती को लेकर ग्राम सभा जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन पर सख्त निगरानी रखने को कहा गया। विभिन्न अंचलों में ग्राम प्रधानों के 154 रिक्त पदों को भी जल्द भरने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

