विश्वविद्यालय भौतिकी विभाग द्वारा “नैनो पार्टिकल्स एवं उनके अनुप्रयोग” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के स्नातकोत्तर भौतिकी विभाग द्वारा “नैनो पार्टिकल्स एवं उनके अनुप्रयोग” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का सफल आयोजन किया, जिसमें लक्ष्मी देवी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नोलॉजी, अलवर, राजस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ जे. आर. अंसारी ने रिसोर्स पर्सन के रूप में व्याख्यान दिया।
डॉ अंसारी ने नैनो पार्टिकल्स के विविध अनुप्रयोगों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नैनो तकनीक का उपयोग कॉस्मेटिक्स, क्वांटम आधारित एलईडी, दवा वितरण प्रणाली तथा चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कपड़ा रंगाई की प्रक्रिया में नैनो कणों के उपयोग से हानिकारक रसायनों का उत्सर्जन काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने जल निस्पंदन और खाद्य पैकेजिंग में नैनो कणों की भूमिका पर भी चर्चा की, जिससे खाद्य पदार्थों की शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सकती है।
सेमिनार का शुभारंभ प्रभारी विभागाध्यक्ष प्रो सुरेन्द्र कुमार द्वारा दिए गए स्वागत भाषण से हुआ। व्याख्यान के दौरान विभाग के समस्त शिक्षकगण- प्रो अरुण कुमार सिंह, डॉ दीपक कुमार, डॉ पूजा अग्रवाल, डॉ सुमनदीप कौर सहित शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। व्याख्यान के पश्चात छात्रों और शोधार्थियों ने नैनो कणों के विभिन्न अनुप्रयोगों से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ अंसारी ने संतोषजनक उत्तर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ पूजा कुमारी तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ दीपक कुमार ने किया।

