राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर ननि के वार्ड तीन की पार्षद पिंकी चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा गम्हरिया के अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उक्त वार्ड के जमालपुर में जारी रैयती और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि जमालपुर स्थित रैयती भूमि जिसका खाता संख्या 2 व 3, प्लॉट संख्या 320, 236, 237 व 238 है के साथ साथ खाता संख्या 57, प्लॉट संख्या 321, 323 व 356 की सरकारी भूमि में जबरन एक बिल्डर द्वारा अतिक्रमण कर मकान बनाकर अवैध रूप से भाड़े पर लगाया गया है एवं आठ फीट का दीवार घेरकर अपार्टमेंट बनाकर बेचा जा रहा है। साथ ही, चौड़ी सड़क को संकीर्ण कर अपार्टमेंट का मेन गेट बनाया जा रहा है। बताया गया है कि सरकारी तालाब में बरसात के समय अत्यधिक पानी भरने के दौरान अधिक पानी उस खाली जमीन पर बहकर जाता है। किंतु, इन बिल्डरों द्वारा अवैध निर्माण के कारण तालाब का अत्यधिक पानी जाने का मार्ग अवरुद्ध होने से बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति बन जाती है। इसका प्रभाव आसपास रहने वाले लोगों तथा जानवरों पर भी पड़ता है। ग्रामीणों ने तत्काल उक्त अवैध अतिक्रमण एवं निर्माण कार्य की जांच कर उसे अतिक्रमणमुक्त करने की मांग किया है। ज्ञापन की प्रति उपायुक्त, एसडीओ, एसपी, डीसीएलआर तथा नगर निगम के महापौर को भी प्रेषित की गई है।

