बोकारो: बारवाघाट में दामोदर नदी में डूबे 2 छात्र, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी तलाश के दौरान हाथापाई, परिजनों का हंगामा
बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के बारवाघाट में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। दामोदर नदी में नहाने गए Mid Point Public School के 2 छात्र डूब गए। एक छात्र विष्णु का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र सन्नी की तलाश जारी है। घटना के बाद पिकनिक स्पॉट बारवाघाट पर मातम छा गया। बोकारो जनरल अस्पताल में डॉक्टरों ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर पुलिस और गोताखोर पहुंचते तो जान बच सकती थी।
*ट्यूशन का बहाना, पहुंच गए नदी नहाने
जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर के तीन छात्र — सन्नी, विष्णु और रवि — मंगलवार सुबह 11 बजे स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बाद में दामोदर नदी में नहाने चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाने के दौरान विष्णु और सन्नी गहरे पानी में चले गए और तेज धार में बहने लगे। दोनों डूब गए। तीसरा छात्र रवि किनारे पर था। शोर सुनकर स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
*तलाश के दौरान हाथापाई, परिजनों का हंगामा
सन्नी की तलाश कर रहे स्थानीय लोगों ने नदी में नहा रहे कुछ युवकों को रोका तो हाथापाई हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए।
हरला थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। विष्णु को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
*बारवाघाट: हादसों का अड्डा बना पिकनिक स्पॉट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारवाघाट में पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं। दामोदर नदी में डूबने से कई बच्चों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन ने न तो चेतावनी बोर्ड लगाए हैं और न ही गोताखोर की टीम तैनात की है।

