पांच दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जमशेदपुर में पेट्रोल 101.73 रुपये पहुंचा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार 19 मई से पेट्रोल और डीजल औसतन 90-90 पैसे प्रति लीटर महंगे हो गए हैं। इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इस तरह महज पांच दिनों के भीतर ईंधन के दाम दूसरी बार बढ़े हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है।
नई कीमत लागू होने के बाद जमशेदपुर में पेट्रोल 101.73 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.66 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर सीधे आम लोगों पर पड़ रहा है। खासकर रोजाना बाइक और कार से आने-जाने वाले लोगों के खर्च में अचानक बढ़ोतरी हो गई है। वहीं परिवहन लागत बढ़ने से जरूरी सामानों की कीमतों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
शहर के लोगों का कहना है कि पहले ही महंगाई ने घरेलू बजट बिगाड़ रखा है, ऐसे में बार-बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परेशानी और बढ़ गई है। वाहन चालकों का कहना है कि हर कुछ दिनों में दाम बढ़ने से मासिक खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। कई लोगों ने सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर बाजार, परिवहन, किराया और दैनिक जरूरत की वस्तुओं पर भी पड़ता है। ऐसे में आने वाले दिनों में महंगाई और बढ़ने की आशंका से लोग चिंतित हैं।

