भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश, उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में विभिन्न परियोजनाओं के भू-अर्जन कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएच एवं सड़क निर्माण परियोजनाओं की प्रगति, रैयतों को मुआवजा भुगतान, वाउचर संग्रहण तथा तकनीकी अड़चनों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष रूप से एनएच-419 कानगोई आरओबी निर्माण, रूपनारायणपुर से पोखरिया मोड़ पथ निर्माण तथा गोलपहाड़ी-भंडारो ब्रिज परियोजना की प्रगति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि रूपनारायणपुर पथ परियोजना से प्रभावित कुल 6054 रैयतों में से 3471 को भूमि राशि पोर्टल के माध्यम से मुआवजा भुगतान किया जा चुका है। शेष रैयतों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने तथा वाउचर संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। परियोजना अंतर्गत 28 मौजों में पूरक पंचाट नोटिस जारी कर भू-अर्जन प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर बल दिया गया।
उपायुक्त ने एफआरए अप्रूवल, फॉरेस्ट क्लीयरेंस और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने को कहा। असंतोषजनक प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भू-अर्जन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विशेष भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अभियंता, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

