पीएम पोषण योजना की समीक्षा बैठक, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला समाहरणालय में सोमवार को उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजन) योजना के तहत जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजना के क्रियान्वयन, छात्र आच्छादन, भोजन की गुणवत्ता तथा विद्यालयों में नियमित निगरानी की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अप्रैल माह में छात्रों के अपेक्षाकृत कम आच्छादन पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और ड्रॉपआउट रोकने के निर्देश दिए गए। सभी विद्यालयों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत एसएमएस रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने तथा छात्रों को एल्बेंडाजॉल एवं आईएफए गोलियों का नियमित वितरण कराने को कहा गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित मेन्यू, मात्रा और पौष्टिकता मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन या छात्र संख्या में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बीईईओ, सीआरपी और बीआरपी को विद्यालय भ्रमण कर जियो टैग फोटो साझा करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन की भी समीक्षा की गई। सभी केंद्रों में बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार पौष्टिक आहार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

