राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु स्थित सेल क्वार्टर में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 38 वर्षीय ठेका मजदूर बालाजी शर्मा उर्फ बाला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक और मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार बाला पिछले दो दिनों से मानसिक तनाव में था। वह घर से बाहर नहीं निकल रहा था और ठीक से खाना भी नहीं खा रहा था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे उसने मां और बहन की मौजूदगी में अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद मां की नजर खिड़की से अंदर गई तो बेटे की हालत देख वह चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे किरीबुरू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार बाला बेहद मिलनसार और मददगार स्वभाव का व्यक्ति था तथा हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़ा रहता था। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। परिवार में मां और तीन बहनें हैं, जिनका वह इकलौता भाई था। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है।

