रवीन्द्रनाथ ठाकुर की जयंती पर सांस्कृतिक चेतना का संदेश
राष्ट्र संवाद सं
रांची : बिरसा मुंडा स्मृति पार्क मैदान में बंगाली युवा मंच चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन कवि गुरु रवीन्द्रनाथ ठाकुर की जयंती के अवसर पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रविन्द्रनाथ महतो ने रवीन्द्रनाथ ठाकुर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रवीन्द्रनाथ ठाकुर केवल एक महान कवि ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, साहित्य और मानवीय मूल्यों के अमर प्रतीक हैं। उनकी रचनाओं में मानवता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है, जो आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ठाकुर के विचार हमें ज्ञान, संस्कृति और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वर्तमान समय में उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में सौहार्द, शिक्षा और रचनात्मकता को बढ़ावा देना आवश्यक है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने रवीन्द्रनाथ ठाकुर के साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आयोजन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरक संदेशों के साथ संपन्न हुआ।

