एफसीआई गोदाम व आरोग्य केंद्र निरीक्षण में मिली खामियां, कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन ने शनिवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान करमाटांड़ स्थित एफसीआई गोदाम और आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जसाईडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न भंडारण व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
एफसीआई गोदाम निरीक्षण के दौरान खाद्यान्न भंडारण, रखरखाव और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया गया। स्टॉक एवं वितरण पंजी अद्यतन नहीं पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मियों को तत्काल अभिलेख अपडेट करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगली जांच में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। गोदाम के कुछ हिस्सों में बारिश के दौरान रिसाव और सीलन की समस्या सामने आने पर मरम्मत कार्य का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर बरसात से पहले सुधार कराने को कहा गया।
इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जसाईडीह के औचक निरीक्षण में एएनएम अनुपस्थित मिलीं। मौके पर केवल सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी को स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। स्पष्ट किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी उपस्थित रहे।

