राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में शुक्रवार शाम यूजी सेमेस्टर-6 की परीक्षा देकर बाहर निकल रही एक छात्रा करंट की चपेट में आ गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार तेज बारिश के कारण कॉलेज परिसर में जलजमाव हो गया था। इसी दौरान मल्टीपरपज हॉल से बाहर निकल रही छात्रा पूजा मंडल बिजली प्रवाहित होने की आशंका वाले हिस्से में पहुंच गई और करंट लगने से बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के समय उसके साथ अन्य छात्र भी मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करंट लगते ही छात्रा के दांत जकड़ गए थे। मौके पर मौजूद छात्रों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे तुरंत खासमहल स्थित सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा अब खतरे से बाहर है।
घटना के बाद कॉलेज प्रशासन की लापरवाही को लेकर छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी है। छात्रों का कहना है कि बारिश के दौरान परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

