राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल प्रखंड अंतर्गत रामगढ़ गांव में शिव मंदिर के नीचे पानी टंकी के सामने लगा 100 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण सैकड़ों परिवारों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। खासकर
बरसात के मौसम में जंगल किनारे बसे गांव में रात के समय अंधेरा रहने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली नहीं रहने के कारण रात में कीड़े-मकोड़े, बिच्छू और सांप निकलने का खतरा बना रहता है। वहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब रहने के बावजूद अब तक विभाग की ओर से इसे दुरुस्त नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनियों में बिजली की समस्या आने पर विभाग रात-दिन एक कर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट जाता है, लेकिन गांव के लोगों की समस्या पर विभाग की सुस्ती समझ से परे है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग के जेई को दूरभाष के माध्यम से ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी दे दी गई है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई और एसडीओ से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खराब ट्रांसफार्मर को बदलने या दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उन्हें और भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

