साहित्योदय मंच को मिला पांचवां वर्ल्ड रिकॉर्ड, साहित्यकारों ने जताई खुशी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : साहित्यिक संस्था ‘साहित्योदय मंच’ को साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पांचवां वर्ल्ड रिकॉर्ड मिला है। इस उपलब्धि को लेकर गुरुवार को सिंहभूम जिला साहित्य सम्मेलन तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में 21-22 मार्च को आयोजित 24 घंटे के ऑनलाइन ‘दुर्गायन अखंड काव्यार्चन’ और पांचवें महाकाव्य ग्रंथ ‘दुर्गायन’ पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में देश-विदेश के ढाई सौ से अधिक रचनाकारों ने भाग लेकर विश्व कल्याण और वैश्विक संकट के समाधान की कामना की थी। सभी प्रतिभागियों को आद्य शक्ति और वीणा दीप सम्मान प्रदान किया गया।
मंच की ओर से बताया गया कि इसी वर्ष नवंबर में गुवाहाटी में तीन दिवसीय भव्य आयोजन कर सभी रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. आशा गुप्ता ‘श्रेया’, विशिष्ट अतिथि डॉ. रागिनी भूषण, डॉ. यमुना तिवारी ‘व्यथित’ एवं अध्यक्ष जयप्रकाश ओझा मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहर के कई साहित्यकारों ने भाग लिया और साहित्योदय मंच की उपलब्धि पर खुशी जताई।

