टाटानगर से जयपुर के बीच सीधी ट्रेन सेवा को हरी झंडी, आंदोलन का दिखा असर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर टाटानगर से जयपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू किए जाने के फैसले का पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने स्वागत किया है। सम्मेलन के जिला महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल के नेतृत्व में लंबे समय से चल रहे प्रयासों और आंदोलन का परिणाम है। इस मांग को लेकर सम्मेलन द्वारा सांसद को ज्ञापन सौंपने, टाटानगर स्टेशन पर प्रदर्शन करने और जरूरत पड़ने पर आमरण अनशन की चेतावनी देने जैसे कदम उठाए गए थे।
श्री मिश्रा ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और जमशेदपुर के सांसद विद्युत महतो के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया, जिससे यह पहल संभव हो सकी।
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग व्यापार, सामाजिक और पारिवारिक कारणों से राजस्थान आते-जाते हैं। अब सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
सम्मेलन ने उम्मीद जताई है कि यह सेवा जल्द ही शुरू होगी, जिससे कोल्हान क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।

