नाला सीमावर्ती क्षेत्रों का प्रशासनिक निरीक्षण, विधि-व्यवस्था का लिया गया जायजा
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला प्रशासन के निर्देश पर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी ने एसडीपीओ और थाना प्रभारी के साथ नाला प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अफजलपुर, महेशमुंडा समेत आसपास के कई गांवों का दौरा कर क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया गया।
प्रशासनिक टीम ने संवेदनशील स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती और सतर्क निगरानी बनाए रखने की मांग रखी। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी को सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सके।

